कीमतों में गिरावट की आशंका के बीच बढ़ी गोल्ड रीसाइक्लिंग, नए गहनों की जगह नकदी लेना पसंद कर रहे ग्राहक
सोने की रिकॉर्ड ऊंची कीमतों के बीच भारतीय परिवार बड़े पैमाने पर पुराने गहने बेच रहे हैं। पिछले 90 दिनों में करीब 50 टन (50,000 किलोग्राम) पुराना सोना बाजार में वापस आया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 43 प्रतिशत अधिक है। इससे देश में संगठित गोल्ड रीसाइक्लिंग उद्योग को भी नई गति मिली है।
बाजार जानकारों के अनुसार, कई उपभोक्ताओं को आशंका है कि सोने की कीमतें मौजूदा उच्च स्तर से घट सकती हैं। इसी वजह से वे पुराने गहनों के बदले नए आभूषण लेने के बजाय नकदी लेना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। चर्चा है कि यदि कीमतें 10 ग्राम पर करीब 1.40 लाख रुपये से घटकर 1.20 लाख रुपये तक आती हैं, तो आगे चलकर दोबारा खरीदारी की जा सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गोल्ड रीसाइक्लिंग से देश में पहले से मौजूद सोना दोबारा बाजार में आ रहा है, जिससे आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, सोने की कीमतों में आगे क्या रुख रहेगा, यह वैश्विक आर्थिक हालात, डॉलर की चाल, ब्याज दरों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। फिलहाल बड़े पैमाने पर पुराने सोने की बिक्री बाजार में बदलते निवेश रुझान का संकेत मानी जा रही है।

Post a Comment