मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु तट पर भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने खराब मौसम और समुद्र में उठती ऊंची लहरों के बीच साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर डूब रही नाव में फंसे छह मछुआरों की जान बचा ली।
सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक ने अपना गश्ती पोत आईसीजीएस सचेत (ICGS Sachet) तत्काल रवाना किया। महज 90 मिनट में जहाज घटनास्थल पर पहुंच गया। उस समय समुद्र में तेज हवाएं, ऊंची लहरें, कम दृश्यता और घना अंधेरा राहत अभियान के लिए बड़ी चुनौती बने हुए थे।
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कोस्ट गार्ड की टीम ने सूझबूझ और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए रिमोट-ऑपरेटेड लाइफबॉय की मदद से एक-एक कर सभी छह मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाला और जहाज पर पहुंचाया।
सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी मछुआरों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। भारतीय तटरक्षक बल की इस त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता की व्यापक सराहना की जा रही है। एक बार फिर कोस्ट गार्ड ने साबित कर दिया कि समुद्र में संकट की घड़ी में वह हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Post a Comment