केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कूनो नदी के जीर्णोद्धार के लिए 42 करोड़ रुपये की परियोजना को दी मंजूरी, जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार को मिलेगा बढ़ावा
गुना। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना जिले के लिए बड़ी सौगात देते हुए कूनो नदी के जीर्णोद्धार हेतु 42 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दिलाई है। इस योजना का उद्देश्य नदी का पुनर्जीवन, जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और क्षेत्र के पर्यावरण को मजबूत करना है।
परियोजना के तहत नदी की सफाई, गहरीकरण, तटों का संरक्षण, जल प्रवाह को सुचारु बनाने तथा आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इससे न केवल नदी का स्वरूप बदलेगा, बल्कि आसपास के गांवों और किसानों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
सिंधिया ने कहा कि विकास कार्य केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जल संसाधनों का संरक्षण भी भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कूनो नदी के पुनर्जीवन से क्षेत्र में जल संकट कम होगा और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि वर्षों से उपेक्षित कूनो नदी अब फिर से जीवनदायिनी बन सकेगी। प्रशासन को जल्द ही परियोजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment