इंदौर ।बौद्धिक प्रतिकार
छावनी स्थित आउटर वाइन शॉप पर गंभीर आरोप, देर रात तक शराब सप्लाई और संदिग्ध गतिविधियों से उठे सवाल
इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र स्थित छावनी इलाके की एक आउटर वाइन शॉप इन दिनों सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां नियमों को ताक पर रखकर दिन में वैध बिक्री और रात में अवैध सप्लाई का खेल खुलेआम चल रहा है। हालात ऐसे हैं कि देर रात तक यहां शराबियों की भीड़ लगी रहती है और आसपास का माहौल बिगड़ता जा रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि दुकान के पीछे बने रास्तों और छोटे गेटों के जरिए रात में चोरी-छिपे शराब बेची जाती है। आरोप यह भी है कि यहां लड़कों को बुलाकर बड़ी मात्रा में शराब सप्लाई की जाती है, जो बाद में शहर के अलग-अलग इलाकों में ऊंचे दामों पर पहुंचाई जाती है।
क्षेत्र के लोगों ने दावा किया है कि कई बार देर रात तक गाड़ियों में शराब भरकर बाहर भेजी जाती देखी गई है। तस्वीरों और वीडियो में कुछ लोग पेटियों और बोतलों को वाहनों में लोड करते नजर आ रहे हैं। इससे आबकारी विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रहवासियों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास आए दिन विवाद, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियां होती रहती हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति और बिगड़ सकती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर देर रात तक चल रही इन गतिविधियों की जानकारी संबंधित विभागों को क्यों नहीं है? और यदि जानकारी है तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब सप्लाई और कथित सेटिंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए।

Post a Comment