Top News

भीनमाल में मानवता और जीवदया की अनूठी मिसाल: भारत विकास परिषद ने किया आरओ प्याऊ का उद्घाटन, पक्षियों के लिए बांधे परिंडे A unique example of humanity and compassion in Bhinmal: Bharat Vikas Parishad inaugurated an RO drinking water stall and hung bird feeders.



भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से आमजन व मूक पशु-पक्षियों को राहत देने के लिए भारत विकास परिषद (शाखा भीनमाल) ने एक सराहनीय सेवा कार्य की शुरुआत की है। परिषद द्वारा स्थानीय खेल स्टेडियम के सामने विधिवत रूप से शुद्ध एवं ठंडे पानी के आरओ (RO) प्याऊ का भव्य उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही बेजुबान पक्षियों के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में मिट्टी के परिंडे बांधकर नियमित जलापूर्ति का संकल्प लिया गया। 


प्रमुख स्थान पर प्याऊः राहगीरों और मरीजों को मिलेगा सीधा लाभ


उद्घाटन अवसर पर परिषद के शाखा संरक्षक अमृतलाल डी. प्रजापत ने प्याऊ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। यह प्याऊ राजकीय अस्पताल और पुलिस थाने के बिल्कुल नजदीक स्थापित की गई है। इस व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले हजारों राहगीरों, अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और पुलिसकर्मियों को अब भीषण गर्मी में भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें चौबीसों घंटे शुद्ध और शीतल पेयजल आसानी से सुलभ हो सकेगा।


*जीवदयाः पक्षियों के लिए परिंडे और नियमित पानी का जिम्मा*


भीषण गर्मी में इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पक्षी भी पानी की बूंद-बूंद के लिए परेशान होते हैं। इस समस्या को देखते हुए परिषद के सदस्यों ने शहर के विभिन्न पेड़ों और सार्वजनिक स्थानों पर मिट्टी के सुंदर परिंडे लटकाए। शाखा अध्यक्ष डॉ. प्रेमराज परमार ने बताया कि केवल परिंडे लगाना ही हमारा उद्देश्य नहीं है। गर्मी के पूरे सीजन में इन परिंडों में नियमित रूप से ठंडा पानी भरा रहे, इसके लिए परिषद ने कार्यकर्ताओं की विशेष ड्यूटी लगाकर पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की है।

सेवा के पांच प्रकल्पों पर आधारित है परिषद का कार्य

शाखा सचिव प्रभुराम पांचाल ने संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि भारत विकास परिषद हमेशा समाज सेवा में अग्रणी रहता है। परिषद मुख्य रूप से अपने पांच बुनियादी सिद्धांतों- सम्पर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार और समर्पण के तहत निरंतर जनहित के कार्य कर रही है। यह प्याऊ और परिंडा अभियान इसी सेवा भावना का एक हिस्सा है। प्रांतीय प्रभारी संजीव माथुर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर खुशी जताते हुए उपस्थित सभी सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों का आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया।


*कार्यक्रम में यह गणमान्य लोग रहे मौजूद*


इस पुनीत सेवा कार्य के दौरान परिषद के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र आचार्य, डॉ. अक्षय बोहरा, परसराम कंसारा, कोषाध्यक्ष हीरालाल चौहान, पारसमल माली, डॉ. रोहित परमार, प्रवीण परमार, कमल शर्मा, श्रवण सिंह सहित समाज के कई गणमान्य लोग, प्रबुद्ध नागरिक और परिषद के कर्मठ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने परिषद के इस मानवीय प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post