अमित सिंह परिहार
ऑफिस और गोशाला में तोड़फोड़, राजनीतिक दबाव का भी आरोप
इंदौर। बेटमा क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला ने कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दबंगों ने उसकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करते हुए ऑफिस और गोशाला में तोड़फोड़ की, गाली-गलौज की और शिकायत करने पर चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। मामले की शिकायत ग्रामीण एसपी से की गई है।
सिंगापुर टाउनशिप निवासी हिमानी रायकवार ने आवेदन में बताया कि उसने ग्राम धन्नड, तहसील राऊ स्थित जमीन विधिवत रजिस्ट्री के जरिए खरीदी थी। जमीन पहले अनिल कराडे के नाम थी जिसे जिसे बाद में मुंबई निवासी अमित राचका ने खरीद लिया था उसके बाद हमने अमित राचका से खरीद ली। पीड़िता के मुताबिक दो दिन पहले गौरव मूंगड, अंकित मालवीय, संतोष मालवीय, भावेश परमार सहित अन्य लोग उसके ऑफिस पहुंचे और हंगामा करते हुए ऑफिस व गोशाला में तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने कहा कि अब जमीन पर उनका कब्जा रहेगा। गौरव मूंगड ने कथित तौर पर पुराने लेन-देन का हवाला देते हुए जमीन नहीं छोड़ने की बात कही। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने धक्का-मुक्की की, अश्लील गालियां दीं और धमकाया कि पुलिस में शिकायत की तो जान से खत्म कर देंगे और चेहरे पर तेजाब डाल देंगे। पीड़िता ने बताया कि व्हाट्सएप कॉल के जरिए भी लगातार धमकियां मिल रही हैं।
पति बोला- कुछ हुआ तो यही लोग जिम्मेदार
महिला के पति जितेंद्र उर्फ जीतू ने भी आरोप लगाया कि भावेश परमार, गौरव मूंगड, अंकित मालवीय और संतोष मालवीय लगातार दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि जमीन कानूनी तरीके से खरीदी गई है, लेकिन राजनीतिक रसूख दिखाकर धमकाया जा रहा है। जितेंद्र ने ग्रामीण एसपी से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि परिवार के साथ कुछ भी होता है तो इसके जिम्मेदार यही लोग होंगे। फिलहाल ग्रामीण एसपी पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment