मध्य प्रदेश सरकार अब प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई एयरपोर्ट्स से नई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए सरकार ने एयरलाइंस कंपनियों के सामने इंसेंटिव स्कीम का प्रस्ताव रखा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में भोपाल से चेन्नई, कोलकाता, केरल, देहरादून, गोवा और जम्मू जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो सकती हैं।
लंबे समय से भोपाल के यात्रियों की मांग रही है कि उन्हें दूसरे बड़े शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट सुविधा मिले। अभी कई शहरों तक पहुंचने के लिए दिल्ली या मुंबई में फ्लाइट बदलनी पड़ती है। इससे समय भी ज्यादा लगता है और किराया भी बढ़ जाता है। अब सरकार की नई योजना से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
एयरलाइंस कंपनियों को क्या ऑफर दे रही है MP सरकार?
मध्य प्रदेश सरकार ने शेड्यूल एयरलाइन ऑपरेटर्स के लिए RFP जारी किया है। इसके जरिए एयरलाइंस कंपनियों को नए रूट्स पर फ्लाइट शुरू करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
सरकार ने कहा है कि घरेलू उड़ानों के लिए एयरलाइंस कंपनियों को प्रति किलोमीटर राउंड ट्रिप पर 1000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस सहायता की अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये तक रखी गई है।
वहीं इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए भी सरकार एयरलाइंस कंपनियों को प्रति किलोमीटर राउंड ट्रिप पर 1000 रुपये तक का इंसेंटिव देगी। इसकी अधिकतम सीमा 15 लाख रुपये तय की गई है।
यह आर्थिक सहायता शुरुआती 6 महीने तक मिलेगी। जरूरत पड़ने पर इसे अगले 6 महीने तक और बढ़ाया जा सकता है। सरकार का मानना है कि शुरुआती समय में आर्थिक मदद मिलने से एयरलाइंस कंपनियां नए रूट्स पर उड़ान शुरू करने के लिए तैयार होंगी।

Post a Comment