Top News

तीन फ्लाईओवर का काम जुलाई तक जो जाएगा खत्म, दोनों तरफ से निकलेगा ट्रैफिकWork on three flyovers to be completed by July; traffic will flow from both sides

 .

इंदौर। इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग के निर्माण कार्य में अब तेजी आ गई है। करीब सवा साल की देरी के बाद अब प्रशासन ने समय पर कार्य पूरा करने के लिए सख्ती दिखाई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया है कि तेजाजी नगर से सिमरोल के बीच बन रहे तीन फ्लाईओवर का काम अगले चार महीनों में पूरा किया जाए।


अधिकारियों के मुताबिक इन फ्लाईओवर का लगभग 10 प्रतिशत काम ही बाकी है। काम तय समय पर पूरा हुआ तो जुलाई से दोनों तरफ से यातायात शुरू कर दिया जाएगा। इससे इंदौर से खंडवा की ओर आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी और ट्रैफिक भी सुगम हो जाएगा। बता दें कि इंदौर से खंडवा की ओर जाने वाला सबसे प्रमुख निर्माणाधीन राजमार्ग इंदौर-इच्छापुर है।फोरलेन (कुछ हिस्सों में छह लेन) में परवर्तित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत तेजाजी नगर से बलवाड़ा के बीच तीन सुरंगों और मोरटक्का में नर्मदा पर पुल निर्माण शामिल है। करीब 216 किलोमीटर लंबे इस राजमार्ग का निर्माण जनवरी 2025 तक पूरा होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से काम समय पर नहीं हो पाया।

तीन सुरंग और आठ फ्लाईओवर बनाए जा रहे

लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट में तीन सुरंग और आठ फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। इनमें से अभी भी पांच फ्लाईओवर का काम अधूरा है। एनएचएआइ ने फिलहाल चौखी ढाणी, दतौदा और कनाड़ फ्लाईओवर को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इन दो फ्लाईओवर पर अभी एक तरफ से वाहनों की आवाजाही हो रही है जबकि दूसरी ओर निर्माण कार्य जारी है।

चौखी ढाणी के सामने का कुछ हिस्सा बाकी

दतौदा फ्लाईओवर में अब केवल फिनिशिंग का काम बाकी है। इसे डेढ़ से दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, चौखी ढाणी के सामने वाले फ्लाईओवर में कुछ हिस्सा बनना बाकी है। इसी तरह कनाड़ फ्लाईओवर पर भी अंतिम चरण का काम चल रहा है।

इसके अलावा सिमरोल फ्लाईओवर और महू मार्ग के हिस्से का काम अगस्त तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। मेघा इंजीनियरिंग के प्रोजेक्ट मैनेजर नागेश्वर राव ने बताया कि जुलाई तक तीन फ्लाईओवर से यातायात शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव के अनुसार निर्माण एजेंसी को फ्लाईओवर जल्द पूरा करने की सख्त डेडलाइन दी गई है ताकि इस महत्वपूर्ण राजमार्ग पर लोगों को जल्द बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post