'
उज्जैन शैलेंद्र सिंह कुशवाहा। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा ही संगठन के तहत ‘सेवा प्रकल्प‘ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हाईवे किनारे अस्पताल खोलने के लिए सरकार 30 प्रतिशत तक अनुदान देगी। मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं जहां होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित उपचार मिले, इसके लिए सरकार इस दिशा में यह योजना बना रही है।उन्होंने यह भी कहा कि हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमारी सरकार अभी संभाग स्तर पर सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल बना रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल बनाएंगे।
मुख्यमंत्री डा यादव ने सेवा प्रकल्प शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में गांव-गांव में आंखों की जांच के शिविर लगाए, मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में जब लगातार कांग्रेस की सरकारें थीं, मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) के जरिए ऐसे कड़े नियम बनाए थे कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए अनुमति ही नहीं मिल पाती थी। मेडिकल कॉलेज नहीं होने से मप्र सहित देशभर की बौद्धिक प्रतिभाओं का पलायन होता रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद लगातार मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं।
कोविड के बाद नाचते-खेलते युवाओं की जा रही जान
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के सेवा प्रकल्प शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोविड के बाद सबसे ज्यादा मौतें अब हार्ट अटैक से हो रही हैं। युवा भी अचानक नाचते-खेलते या वाहन चलाते समय जान गंवा रहे हैं, जो चिंता का बड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि सरकार संभाग स्तर के बाद अब जिला स्तर तक हार्ट के मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। फिलहाल यह योजना पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चल रही है, जिसे जल्द पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

Post a Comment