उज्जैन। शैलेंद्र कुशवाहा
उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र में मंदिर हटाने को लेकर गुरुवार देर रात हिंसक विवाद हो गया। पंचम पूरा इलाके में सड़क चौड़ीकरण के दौरान एक माता मंदिर को स्वेच्छा से शिफ्ट किया जा रहा था, लेकिन इसी मुद्दे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति बेकाबू हो गई।
जानकारी के अनुसार, दो तालाब से तरणताल चौराहे तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य के बीच मंदिर आ रहा था, जिसे प्रशासन की सहमति से हटाया जा रहा था। इसी दौरान रात में विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ।
इस हिंसा में एएसआई अंकित बनोधा घायल हो गए, जिन्हें सिर में चोट आई है। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Post a Comment