इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इंदौर की ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस की वरिष्ठतम महिला अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना को उनके उल्लेखनीय योगदान, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
पावर ट्रांसमिशन के क्षेत्र में “सुपर पावर वुमन” के रूप में पहचान स्थापित करने वाली श्रीमती नीलम खन्ना विगत कई वर्षों से इंदौर सहित संपूर्ण मालवा क्षेत्र की ट्रांसमिशन लाइन व्यवस्था का सफलतापूर्वक संचालन कर रही हैं। उन्होंने इंदौर में परंपरा से हटकर त्योहारों के दौरान रात्रि में ट्रांसमिशन लाइनों का मेंटेनेंस कराकर यह सुनिश्चित किया कि शहर की विद्युत आपूर्ति बाधित न हो।
इसके अलावा सिंगाजी पावर हाउस से आने वाली 400 केवी लाइन के कठिनतम क्षेत्र में ओपीजीडब्ल्यू की स्थापना का महत्वपूर्ण कार्य भी उनके नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इससे ट्रांसमिशन कंपनी को मालवा क्षेत्र में अपनीओपीजीडब्ल्यू लाइन विभिन्न दूरसंचार कंपनियों को लीज पर देने का अवसर मिला तथा पावर हाउस और सबस्टेशनों के बीच कम्युनिकेशन कनेक्टिविटी सुदृढ़ होने से प्रोटेक्शन सिस्टम को भी नया आयाम मिला।
इंदौर से शुरू हुआ “रोको-टोको” अभियान बना प्रदेशव्यापी
ट्रांसमिशन लाइनों के प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहे खतरनाक और गैरकानूनी निर्माण कार्यों को रोकने के लिए श्रीमती नीलम खन्ना ने इंदौर से “रोको-टोको” अभियान की शुरुआत की। यह पहल बाद में एमपी ट्रांसको का प्रदेश स्तरीय अभियान बन गई, जिसके माध्यम से नागरिकों को जागरूक कर पूरे प्रदेश में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए।
मातृशक्तियों की उपलब्धियों को नमन करने का अवसर : एमडी
इस अवसर पर प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने कहा कि महिला दिवस केवल एक अधिकारी के सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि यह एमपी ट्रांसको की उन सभी मातृशक्तियों को नमन करने का दिन है, जिनके योगदान से कंपनी की कार्यसंस्कृति और उपलब्धियों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि ट्रांसमिशन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में महिला इंजीनियरों की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व एमपी ट्रांसको के लिए गौरव का विषय है।
Post a Comment