भोपाल : मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि खंडेलवाल का बुधवार अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं. जिस समय ये घटना घटी, उस समय प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भोपाल में बीजेपी मुख्यालय में थे. सूचना मिलते ही वह बैतूल के लिए रवाना हुए.
कुछ दिनों से तबियत ज्यादा खराब थी
दिवंगत सुरभि स्पेशल चाइल्ड थी और लंबे समय से बीमार चल रही थीं. बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी की उम्र केवल 34 वर्ष की थी. स्पेशल चाइल्ड होने की वजह से वह लंबे समय से शारीरिक परेशानियों से जूझ रही थीं. उनके स्वास्थ्य के मद्देनजर उनकी नियमित जांच भी होती थी और उनकी तबीयत का खास ध्यान रखा गया. बताया जाता है कि पिछले 4-5 महीने से उनकी तबीयत ज्यादा खराब थी. बुधवार सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ी और दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया.
बेटी की खबर मिलते ही बैतूल पहुंचे खंडेलवाल
बेटी के निधन का समाचार मिलते ही प्रदेश बीजेपी अधयक्ष हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तुरंत बैतूल पहुंच गए. उनकी अंतिम यात्रा बुधवार को ही शाम 5 बजे हेमंत खंडेलवाल के निवास बैतूल गंज कोठी से बाजार मोक्ष धाम के लिए प्रस्थान करेगी. प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी के असामयिक निधन पर राजनीतिक एवं सामाजिक जगत ने शोक जताया है.
कई नेताओं ने शोक संवेदना प्रकट की
प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए बताया "वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं और निरंतर उनकी सेहत को बेहतर करने के प्रयास किए जा रहे थे. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और और शोक संतप्त परिवार को ये दुख सहन करने की शक्ति दे." प्रदेश के अन्य नेताओं के साथ ही मंत्रियों और विधायकों-सांसदों ने भी शोक संवेदना प्रकट की है.

Post a Comment