Top News

खड़गे आज कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करेंगे, लखीमपुर में विशाल जनसभा को करेंगे संबोधितKharge will release the Congress manifesto today and address a massive public rally in Lakhimpur.

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे असम विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। सिंह ने गुवाहाटी में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र कई महीनों की मेहनत का परिणाम है, जिसके दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यभर के लोगों से संवाद किया।उन्होंने कहा, '' लखीमपुर में खरगे जी द्वारा पार्टी का घोषणापत्र जारी किया जाएगा।'' कांग्रेस अध्यक्ष रविवार को लखीमपुर जिले का दौरा करेंगे और वहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, '' हर जगह लोग भयभीत हैं। अगर कोई सरकार की आलोचना करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी कर दे, तो दिन ढलने से पहले ही पुलिस उसके दरवाजे पर पहुंच जाएगी। सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले मीडिया संस्थानों को खतरा है


।''मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ''हमने देखा है कि जब भी वह मीडिया से बात करते हैं, तो वह अपनी पार्टी की तुलना में हमारी पार्टी पर अधिक ध्यान केंद्रित करते हैं। मेरा सुझाव है कि वे अपने भीतर भी एक नजर डालें, क्योंकि भाजपा पहले ही दो गुटों में बंट चुकी है - एक है भाजपा (हिमंत विश्व शर्मा गुट) और दूसरा है 'असली' भाजपा।''सिंह ने यह भी दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री सरबानंद सोनोवाल जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को पार्टी के भीतर ही दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्ष राज्य में व्यापक बहुमत से सत्ता में आएगा। सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस नीत गठबंधन असम की सत्ता में वापसी करेगा। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस 2016 से राज्य की सत्ता से बाहर है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post