Top News

कैबिनेट विस्तार पूरा अब भाजपा नेताओं को दर्जाधारी मंत्री बनाने की तैयारी ।Cabinet Expansion Complete; Preparations Now Underway to Grant Minister-Rank Status to BJP Leaders.

 

कई भाजपा नेता जल्द ही दर्जाधारी मंत्री बनने वाले हैं। प्रदेश सरकार ने होमवर्क पूरा कर लिया है। बकायदा संभावितों की एक सूची भी तैयार कर ली है। बता दें कि तीन दिन पहले ही उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार हुआ था। पांच विधायकों को मंत्री बनाया गया था। कल उन मंत्रियों को विभाग भी आवंटित कर दिए गए हैं। कैबिनेट का विस्तार किए जाने के बाद अब भाजपा नेताओं को दायित्व वितरण की उम्मीद भी जाग गई है। माना जा रहा है कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को जल्द सरकार में दायित्व मिल सकते हैं। बता दें कि भाजपा संगठन की ओर से पार्टी के दो दर्जन नेताओं के नामों की सूची तैयार कर सरकार को सौंपी गई है। लंबे समय से इन नेताओं को दायित्व दिए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन कैबिनेट विस्तार लटका होने की वजह से दायित्वों की फाइल भी अटकी हुई थी। लेकिन अब कैबिनेट विस्तार व विभागों का आवंटन हो जाने के बाद दायित्वों को लेकर भी सरगर्मी तेज हो गई है।


2027 विस चुनाव है लक्ष्य

उत्तराखंड में भाजपा  2027 के विधानसभा चुनावों में जीत के लक्ष्य को देखते हुए पार्टी जल्द ही कई नेताओं को दायित्व से नवाज सकती है। सरकार में अभी कई अहम निगम, आयोग खाली चल रहे हैं और इन पदों पर तैनाती को लेकर पार्टी नेताओं को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी हमेशा अपने ऊर्जावान व निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट विस्तार के बाद अब जल्द ही मुख्यमंत्री पार्टी नेताओं को दायित्वों वितरण कर सकते हैं।

विकास में समर्पित रही सरकार

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख मनवीर चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चार साल राज्य के विकास के लिए समर्पित रहे हैं और कांग्रेस बेवजह जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। रविवार को चौहान ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों का जबाव देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने पिछले चार सालों में हर क्षेत्र में ठोस और प्रमाणिक कार्य किए हैं। जिन्हें कांग्रेस जानबूझकर नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने भर्ती घोटालों में 200 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की।

Post a Comment

Previous Post Next Post