Top News

लॉरेंस गैंग के नाम से इंदौर के रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन से 15 करोड़ की मांगी रंगदारीExtortion of ₹15 crore demanded from Indore-based real estate businessman Sanjay Jain in the name of the Lawrence Gang.

 

कारोबारी को लॉरेंस गैंग के नाम से धमकी. इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र में रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी देकर 15 करोड़ की मांग की गई.


 मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. तुकोगंज थाना क्षेत्र में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को फोन पर जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की मांग की गई है. मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इंटरनेशनल नंबर से आया था धमकी भरा कॉल

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह संजय जैन को एक इंटरनेशनल नंबर से वॉइस कॉल आया. कॉलर ने खुद को हेरी बॉक्सर बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है और कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी. संजय जैन ने कॉल आते ही फोन काट दिया और नंबर को ब्लॉक कर दिया.

कॉल कट करने के कुछ ही समय बाद उसी नंबर से संजय जैन के मोबाइल पर वॉइस मैसेज भेजा गया. मैसेज में धमकी देते हुए कहा गया कि पहले 10 करोड़ रुपये देने थे, लेकिन फोन नहीं उठाने के कारण अब 15 करोड़ रुपये देने होंगे. इसके साथ ही आरोपी ने वीडियो कॉल करने की भी कोशिश की.

तुकोगंज थाने में मामला दर्ज, क्राइम ब्रांच सक्रिय

मामले की जानकारी मिलते ही तुकोगंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है. साथ ही जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर साजिश रची जा रही है.

कॉल और मैसेज की तकनीकी जांच जारी

पुलिस इंटरनेशनल नंबर, वॉइस मैसेज और वीडियो कॉल की तकनीकी जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल कारोबारी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं.

परिवार की जानकारी देकर डराने की कोशिश

वॉइस मैसेज में आरोपी ने संजय जैन और उनके परिवार से जुड़ी जानकारियों का भी जिक्र किया. इससे कारोबारी और उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया. धमकी की गंभीरता को देखते हुए संजय जैन ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस से की.

Post a Comment

Previous Post Next Post