जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह हाइवा वाहन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई भड़गांव-नांदगांव पथ पर स्थित बीटीआईपीएल प्लांट में की गई, जहां डंपिंग प्लांट की आड़ में लंबे समय से अवैध बालू का कारोबार चल रहा था।उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद को गुप्त सूचना मिली थी कि सेन्हा थाना अंतर्गत भड़गांव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद उपायुक्त के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम में सहायक जिला खनन पदाधिकारी राजा राम प्रसाद, अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत तथा सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा शामिल थे। पुलिस बल के साथ टीम ने सुबह प्लांट में छापेमारी की।
अवैध रूप से लोड बालू बरामद
छापेमारी के दौरान छह हाइवा वाहन (जेएच 13जे 6362, जेएच 13जे 3825, जेएच 13जे 5141, जेएच 13जे 9876, जेएच 13जे 9290 एवं जेएच 13जे 8633) पर अवैध रूप से लोड बालू बरामद किया गया।
सभी वाहनों को जब्त कर सेन्हा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत ने बताया कि जब्त सभी वाहनों पर प्राथमिक दर्ज करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
रात के अंधेरे में करते थे बालू का उठाव
सूत्रों के अनुसार, रात के अंधेरे में कोयल नदी के टुगरी टोली और बेड़ा टोली घाट से बालू का उठाव किया जाता था। बताया जाता है कि नीचे बालू और ऊपर से हल्का डस्ट डालकर इसे वैध सामग्री का रूप दिया जाता था, जिसे रांची सहित अन्य शहरों में सप्लाई किया जाता था। इस अवैध कारोबार से माफिया मोटी कमाई कर रहे थे और यह धंधा करीब एक वर्ष से चल रहा था। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment