झुंझुनूं: राजस्थान के बहुचर्चित मिड डे मील योजना को लेकर एक बार फिर सियासी पारा गरमाया है। योजना में करीब 2000 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपों पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जेल में कौन जाएगा, यह जल्द ही सबको पता चल जाएगा। मंत्री के इस बयान के बाद सियासत गरमा गई है।
पीसीसी चीफ डोटासरा के बयान पर मंत्री ने दिया जवाब
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें जेल जाने को लेकर टिप्पणी की गई थी। झुंझुनूं जिले के बगड़ कस्बे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दिलावर ने कहा कि 'डोटासराजी चिंता न करें, जेल में कौन जाता है, यह हम बता देंगे।'
दिलावर बोले- भ्रष्टाचारी ही जाएंगे जेल, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
मंत्री दिलावर ने साफ शब्दों में कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, वही जेल जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि मिड डे मील योजना में करीब 2 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है, जिसकी जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री दिलावर ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय बिना पद सृजित किए कई स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम में तब्दील कर दिया गया था। इससे व्यवस्थाएं चरमरा गईं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने अब तक 20 हजार पद भर दिए हैं और शेष रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है।
केंद्र से 1000 करोड़ जल्द मिलने का दावा
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश को जल्द ही 1000 करोड़ रुपये स्वीकृत होने वाले हैं। इस राशि से चरणबद्ध तरीके से स्कूलों का कायाकल्प किया जाएगा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।जांच के बाद होगा खुलासा
शिक्षा मंत्री ने दोहराया कि मिड डे मील योजना में हुए कथित घोटाले की जांच अंतिम चरण में है। जांच पूरी होते ही सबके सामने स्पष्ट हो जाएगा कि दोषी कौन हैं और जेल में कौन जाएगा। फिलहाल इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

Post a Comment