Top News

धान खरीदी पर 'बिल्ली' और 'पिंजरे' की सियासत: भूपेश बघेल का तंज- "नागपुर से आए या गुजरात से?", भाजपा का पलटवारPolitics of 'cat' and 'cage' over paddy procurement: Bhupesh Baghel's taunt - "Did they come from Nagpur or Gujarat?", BJP retaliates.

 

प्रदेश में धान खरीदी के दौरान कवर्धा, महासमुंद और अन्य जिलों की समितियों में चूहों द्वारा करोड़ों रुपये का धान खाने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने चूहों के इलाज के लिए सरकार द्वारा बिल्ली की व्यवस्था करने की बात कही है।


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे को लेकर इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा, “चूहे की गारंटी, चूहे का सुशासन।” उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों से प्रदेश चूहों के कारण राष्ट्रीय पटल पर छाया हुआ है। ये चूहे बेहद भूखे हैं और पूरे प्रदेश को कुतर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ये चूहे कहां से आए हैं, नागपुर से या गुजरात से। उन्होंने लिखा कि प्रदेश धान का कटोरा है, यहां के चूहे इतने भूखे नहीं हैं।

भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि कवर्धा, महासमुंद, जशपुर सहित अन्य जिलों में अब तक 30 करोड़ रुपये का धान चूहे खा गए हैं। उन्होंने पूछा कि इन चूहों को संरक्षण कौन दे रहा है। क्या ये वही चूहे हैं जो जल, जंगल और जमीन को खा रहे हैं, हसदेव और तमनार को उजाड़ रहे हैं और अब बस्तर पर नजर लगाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में मूषक राज चल रहा है और यदि समय रहते इन्हें पिंजरों में बंद नहीं किया गया तो ये पूरे प्रदेश को खोखला कर देंगे।

खरीदी की समयसीमा एक माह बढ़ाने की मांग

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा सरकार किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम और सम्मान देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि किसान फसल बेचने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। कोरबा और बागबाहरा में किसानों का आत्महत्या के लिए मजबूर होना प्रदेश में सुशासन के दम तोड़ने का प्रमाण है।

महंत ने कहा कि टोकन तुंहर हाथ एप और बायोमेट्रिक सर्वर फेल हो चुके हैं, जिससे किसान हताशा में घातक कदम उठाने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने आत्महत्या का प्रयास करने वाले किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता देने, खरीदी की समयसीमा एक माह बढ़ाने और आफलाइन टोकन देने की मांग की है।

चूहा पकड़ने का पिंजरा लेकर निकले कांग्रेसी नेता

कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बुधवार को पार्टी कार्यालय शंकर नगर स्थित राजीव भवन से खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को चूहा पकड़ने वाला पिंजरा भेंट करने के लिए निकले। आजाद चौक पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद कांग्रेसी नेताओं ने पुलिस को ही पिंजरा सौंप दिया और लौट आए।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि किसानों की कड़ी मेहनत से उगाए गए धान को कथित चूहे खा गए कहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि धान का उठाव नहीं हो पा रहा है और नाकामी छिपाने के लिए चूहों पर जिम्मेदारी डाली जा रही है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, पंकज शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।

सरकार किसानों के घरों की करा रही तलाशी

पूर्व जिला (ग्रामीण) कांग्रेस अध्यक्ष उधोराम वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के घरों की तलाशी करवा रही है। उन्होंने कहा कि टोकन कटाने से पहले किसानों से आवेदन लिया जा रहा है और कृषि विस्तार अधिकारी पोर्टल में देखकर किसान के घर में धान की उपलब्धता का प्रमाण पत्र देंगे। इसके बाद ही टोकन काटा जाएगा। इसी तरह जिन किसानों के टोकन कट चुके हैं, उनके घरों का भी एक दिन पहले जांच अधिकारी द्वारा सत्यापन किया जाएगा, तभी धान की बिक्री हो पाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post