Top News

एयर इंडिया और इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी, ईरान का हवाई क्षेत्र बंद, रद्द हो सकती हैं उड़ानेंAir India and IndiGo have issued advisories; Iranian airspace is closed, and flights may be cancelled.

 

ईरान के हवाई क्षेत्र के अचानक बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ रहा है। एयर इंडिया और इंडिगो सहित कई भारतीय एयरलाइंस ने यात्रियों को ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें संभावित देरी, रूट परिवर्तन और कुछ उड़ानों के रद्द होने की चेतावनी दी गई है। यह स्थिति पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान में जारी सरकार-विरोधी प्रदर्शनों के बीच सामने आई है।


एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में बताया कि ईरान में उभरती स्थिति और उसके हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र से गुजरने वाली उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। इससे उड़ानों में देरी हो सकती है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि जहां रूट परिवर्तन संभव नहीं है, वहां उड़ानें रद्द की जा रही हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। एयर इंडिया ने कहा, इस अप्रत्याशित व्यवधान से हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंडिगो ने भी इसी तरह की एडवाइजरी जारी की। एयरलाइन ने कहा कि ईरान द्वारा अचानक हवाई क्षेत्र बंद करने से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यह स्थिति उसके नियंत्रण से बाहर है और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया गया है। प्रभावित यात्रियों को इंडिगो की वेबसाइट पर जाकर फ्लेक्सिबल रीबुकिंग या रिफंड के विकल्पों की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। एयरलाइन ने कहा कि टीम स्थिति का आकलन कर रही है और प्रभावित यात्रियों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। ईरान ने अपने हवाई क्षेत्र को अधिकांश उड़ानों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह बंदिश शाम को शुरू हुई और कुछ घंटों तक चली, हालांकि इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। केवल आधिकारिक अनुमति वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को छूट दी गई है। यह कदम ईरान में जारी व्यापक विरोध प्रदर्शनों, इंटरनेट ब्लैकआउट और अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है। क्षेत्रीय सुरक्षा जोखिमों के कारण कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ईरानी हवाई क्षेत्र से बच रही हैं।

अमेरिका ने भी मध्य पूर्व में अपने कुछ सैन्य अड्डों से कर्मियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की है। कतर के अल उदैद एयर बेस से कुछ कर्मियों को वापस बुलाया जा रहा है। ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका हमला करता है तो पड़ोसी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों से सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले उड़ान की ताजा जानकारी जांचें और एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया पर अपडेट देखते रहें। मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में भी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर जारी रह सकता है। यात्रियों को सतर्क रहने और वैकल्पिक योजनाएं बनाने की सलाह दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post