कड़ाके की ठंड के बीच बाजार में ताजी और मीठी हरी मटर की बहार है। मटर का निमोना हो, पराठे हों या फिर गरमा-गरम मटर पनीर सर्दियों का स्वाद इसके बिना अधूरा है। लेकिन, मटर के साथ सबसे बड़ी समस्या उसे छीलने की है। घंटों बैठकर एक-एक फली से दाने निकालना किसी थकाऊ टास्क से कम नहीं लगता
अगर आप भी मटर छीलने के आलस में इसे बनाने से बचते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसी 'स्मार्ट ट्रिक' वायरल हो रही है, जिससे आप मात्र 5 से 10 मिनट में 2 किलो तक मटर आसानी से छील सकते हैं।
इस तरीके में आपको घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है, बस आपको गर्म पानी का सही इस्तेमाल करना है
एक बड़े भगौने में पर्याप्त पानी गर्म करें। ध्यान रहे कि पानी को पूरी तरह उबालना नहीं है, बस अच्छी तरह गर्म करना है। पानी गर्म होते ही गैस बंद कर दें।
अब साबुत मटर की फलियों को इस गर्म पानी में डाल दें।
बर्तन को 2 से 3 मिनट के लिए ढक्कन से ढक कर छोड़ दें। गर्म पानी और भाप के संपर्क में आने से मटर के छिलके एकदम मुलायम हो जाएंगे।
3 मिनट बाद मटर को गर्म पानी से निकालकर तुरंत ठंडे पानी में डाल दें। इससे मटर के दानों का हरा रंग बरकरार रहेगा और वे ज्यादा पकेंगे नहीं।
अब आप जैसे ही मटर की फली को पीछे से हल्का सा दबाएंगे, सारे दाने एक झटके में बाहर आ जाएंगे।
इस तरीके से न सिर्फ आपके नाखूनों का दर्द बचेगा, बल्कि समय की भी भारी बचत होगी। जो मटर छीलने में आपको एक घंटा लगता था, वह काम अब चुटकियों में हो जाएगा।
मटर छीलने के बाद आप इन्हें सुखाकर जिप-लॉक बैग में स्टोर भी कर सकते हैं, जिससे आपकी कुकिंग और भी तेज हो जाएगी।

Post a Comment