भारतीय जनता पार्टी 20 जनवरी को अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की घोषणा करेगी, जबकि इस पद के लिए नामांकन एक दिन पहले 19 जनवरी को दाखिल किए जाएंगे। न्यूज एजेंसी PTI ने ये जानकारी दी है। इससे पहले खबर आई थी कि BJP ने अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को ही पार्टी अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ-साथ राज्य इकाई के अध्यक्षों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों को 19 जनवरी को होने वाले नामांकन और अगले दिन होने वाले औपचारिक चुनाव के लिए दिल्ली में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन को नामित करने हेतु नामांकन के तीन सेट दाखिल किए जाएंगे। एक सेट में BJP के 20 से ज्यादा निर्वाचित प्रदेश अध्यक्षों के हस्ताक्षर होंगे।एक और पत्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP नेताओं राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के हस्ताक्षर होंगे। तीसरे पत्र पर भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के हस्ताक्षर होंगे।
वर्तमान में, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वे 2020 से इस पद पर हैं।
नड्डा के उत्तराधिकारी के रूप में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को नियुक्त किया जाना तय है, जिनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना है।
नए अध्यक्ष के सामने होंगी ये चुनौतियां
नितिन नबीन के अध्यक्ष बनते ही उनके सामने कई राज्यों के चुनाव और पार्टी की भविष्य की रणनीतियां होंगी। पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करना है। इसके बाद जनगणना 2027 और लोकसभा में 33% महिला आरक्षण के कार्यान्वयन की तैयारी।

Post a Comment