देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों शीतकालीन यात्रा चल रही है. नए साल की शुरुआत में ही नेशनल विंटर गेम्स होने जा रहे हैं. इसी के साथ राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक बूस्टअप करने के लिए पर्यटन विभाग फरवरी माह में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिज्म कॉन्क्लेव प्लान कर रहा है.
उत्तराखंड में फरवरी महीने में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूरिज्म कॉन्क्लेव को लेकर उत्तराखंड पर्यटन सचिव धिराज गर्ब्याल ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शीतकालीन यात्रा को लेकर पूरे भारतवर्ष में जहां एक तरफ उत्तराखंड पर्यटन विभाग रोड शो कर रहा है, तो वहीं आने वाले साल के फरवरी माह में पर्यटन विभाग उत्तराखंड को वर्ल्ड टूरिज्म के नक्शे पर अंकित करने के लिए एक और बड़ा आयोजन करने जा रहा है.
पर्यटन सचिव ने बताया कि फरवरी माह में उत्तराखंड में इंटरनेशनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा. इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर ऑपरेटर और टूरिज्म सेक्टर से जुड़े तमाम लोग शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अब तक के 25 सालों के इतिहास में यह अपनी तरह का पहला टूरिज्म कॉन्क्लेव होगा.
उन्होंने बताया कि इस टूरिज्म कॉन्क्लेव के लिए देश और दुनिया के सभी पर्यटकों को और पर्यटक व्यवसाय से जुड़े लोगों को उत्तराखंड में इंटरनेशनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का न्योता दिया है. वहीं इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड में चल रही शीतकालीन यात्रा को लेकर भी सभी पर्यटकों का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस वक्त मैदानी इलाकों में धुंध छाई है, उत्तराखंड के पहाड़ों पर आकर आप धूप का आनंद ले सकते हैं.
उत्तराखंड में होने जा रहे हैं इंटरनेशनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में कौन-कौन लोग शामिल होंगे, इसको लेकर विस्तार से बताते हुए पर्यटन सचिव ने कहा कि इस कॉन्क्लेव में केवल देश से ही नहीं बल्कि विदेश से भी लोग शामिल होंगे. यहां अपनी तरह का पहला आयोजन उत्तराखंड कर रहा है. इस आयोजन में होटल एसोसिएशन के सदस्य, ऑल इंडिया टूर ऑपरेटर के सदस्य या फिर इनबॉउंड मेंबर जो भी टूरिज्म सेक्टर से जुड़ा हुआ है, पर्यटन के अलग-अलग संभावनाओं और आधुनिक दौर में बदलते तकनीक के साथ-साथ और तरीकों को भी इस कॉन्क्लेव में साझा कर सकते हैं.

Post a Comment