Top News

सर्दियों में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली सब्जी गाजर Carrots are the most popular vegetable in winters.

नई दिल्ली। सर्दियां शुरू होते ही सब्जी मंडियों में ताजी और लाल रंग की गाजर भरपूर मात्रा में दिखाई देने लगती है। भारत गाजर उत्पादन के मामले में दुनिया के प्रमुख देशों में शामिल है। यहां गाजर की खपत भी भारी मात्रा में होती है, खासकर उत्तर भारत में गाजर का हलवा, सलाद और जूस सर्दियों की पहचान बन जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पूरे देश को गाजर खिलाने वाले प्रमुख राज्य कौन-से हैं और सबसे ज्यादा गाजर कहां उगाई जाती है? राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) के ताज़ा आंकड़े इस बारे में बेहद रोचक जानकारी देते हैं।



 भारत में गाजर उत्पादन की बात करें तो पंजाब सबसे आगे है। वित्त वर्ष 2023–24 के आंकड़ों के अनुसार पंजाब में लगभग 596.74 टन गाजर का उत्पादन हुआ, जो पूरे देश के कुल उत्पादन का लगभग 21.49 प्रतिशत हिस्सा है। पंजाब की मिट्टी, सिंचाई व्यवस्था और जलवायु गाजर की फसल के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है, यही कारण है कि यह राज्य लगातार गाजर उत्पादन में शीर्ष पर बना हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो वित्त वर्ष 2023–24 में पूरे भारत में कुल 2,776.35 टन से अधिक गाजर का उत्पादन हुआ। यह आंकड़ा दर्शाता है कि भारत में गाजर की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। सर्दियों में बढ़ी खपत के कारण किसान इसे एक लाभकारी फसल के रूप में भी देखते हैं और कई राज्यों में इसका उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है।

भारत न केवल घरेलू उपभोग के लिए गाजर उगाता है, बल्कि इसे कई देशों में एक्सपोर्ट भी करता है। ताजी गाजर के प्रमुख आयातक देशों में संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा और सऊदी अरब शामिल हैं। वहीं डिहाइड्रेटेड (सूखी) गाजर का सबसे बड़ा बाज़ार संयुक्त राज्य अमेरिका है। इसके अलावा नेपाल, मेक्सिको, मलेशिया और वियतनाम जैसे देशों में भी भारतीय गाजर की अच्छी मांग रहती है, जिससे किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी बड़ा फायदा मिलता है। गाजर उत्पादन से जुड़ी यह जानकारी बताती है कि भारत के किसान न केवल देश की आवश्यकता पूरी करते हैं, बल्कि वैश्विक बाजार में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हैं। सर्दियों का मौसम आते ही गाजर की मिठास का स्वाद हर घर में बढ़ जाता है और इसके पीछे मेहनत उन राज्यों की है जो पूरे देश को ताजी और पौष्टिक गाजर उपलब्ध कराते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post