Top News

इंदौर की तीन सहित मध्य प्रदेश की 12 खिलाड़‍ियों के लिए फ्रेंचाइजी टीमों में होड़Franchise teams are competing for 12 players from Madhya Pradesh, including three from Indore.

 इंदौर। अपने खेल से मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिला क्रिकेटरों पर अब महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के लिए फ्रेंचाइजी टीमों की निगाह टिकी है। डब्ल्यूपीएल की पहली मेगा नीलामी गुरुवार को नई दिल्ली में होगी। इसमें मध्य प्रदेश की 12 महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें इंदौर की आयुषी शुक्ला, अनादि तागड़े और प्रियंका कौशल भी हैं।अपनी तेज गेंदबाज से भारत को इसी माह विश्व कप जिताने वाली मध्य प्रदेश की क्रांति गौड़ को लेने के लिए फ्रेंचाइजी टीमों में होड़ रहेगी। नई दिल्ली में पहली बार होने वाली नीलामी प्रक्रिया में रेलवे और दिल्ली की सबसे ज्यादा 15-15 खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं मुंबई की 14 खिलाड़ी हैं। मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की 12-12 खिलाड़ियों को भी नीलामी में शामिल किया गया है।


महिला प्रीमियर लीग टूर्नामेंट सात जनवरी से शुरू होने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश की महिला टीम वर्तमान सत्र में बीसीसीआई की राष्ट्रीय टी-20 स्पर्धा के फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि फाइनल में टीम को महाराष्ट्र से हार मिली थी। इस दौरान मध्य प्रदेश की टीम ने देश की कई टीमों को शिकस्त देते हुए अपनी धाक जमाई। इसी प्रदर्शन के चलते मध्य प्रदेश की खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी टीमों की नजर होगी।

क्रांति गौड़

सागर संभाग से खेलने वाली छतरपुर की क्रांति विश्व कप विजेता महिला टीम की सदस्य हैं। क्रांति की तेज गेंदबाजी से भारत ने कई मैच जीते हैं। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपये है। नीलामी में उन्हें एक करोड़ रुपये से ज्यादा मिलने की संभावना है।

अनादि तागड़े

इंदौर की तेज गेंदबाज आलराउंडर हैं। जूनियर विश्व कप के लिए भारतीय टीम की स्टैंडबाय खिलाड़ी थीं। जूनियर भारत-ए टीम का हिस्सा रहीं। अनादि का बेस प्राइज 10 लाख रुपये है। मध्य प्रदेश की महिला टीम और महिला लीग में प्रभावी प्रदर्शन किया।

संस्कृति गुप्ता

दाएं हाथ की आफ स्पिन आलराउंडर संस्कृति गुप्ता पिछली बार मुंबई इंडियंस टीम में थीं। शहडोल की संस्कृति का बेस प्राइज 20 लाख रुपये है।

राहिला फिरदौस

विकेट कीपर बल्लेबाज राहिला फिरदौस मध्य प्रदेश टीम की कप्तान हैं। भोपाल की राहिला का बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।

आयुषी शुक्ला

इंदौर की आयुषी शुक्ला बाएं की स्पिनर और आक्रामक बल्लेबाज हैं। भारत की जूनियर वर्ल्ड चैंपियन टीम की सदस्य रही हैं। वर्ल्ड कप की दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं। इससे पहले जूनियर एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं। बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।

प्रियंका कौशल

इंदौर की प्रियंका कौशल बाएं हाथ की स्पिनर और उपयोगी बल्लेबाज हैं। उनका बेस प्राइज 10 लाख रुपये है। मप्र की सीनियर टीम को राष्ट्रीय चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया था। पिछले सत्र में यूपी वारियर्स की नेट गेंदबाज थी।

पूजा वस्त्रकार

भारतीय टीम की सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज आलराउंडर पूजा वस्त्रकार के पास 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय महिला मैच खेल चुकी हैं। शहडोल की पूजा का बेस प्राइज 50 लाख रुपये है। टीमें उन्हें अपने साथ जोड़ना चाहेंगी, लेकिन पूजा की फिटनेस उनकी कमजोरी रही है।

शुचि उपाध्याय

बाएं हाथ की स्पिनर शुचि उपाध्याय भारतीय सीनियर टीम की सदस्य रही हैं। जबलपुर की शुचि का बेस प्राइज 30 लाख रुपये है। शुचि जरूरत के समय उपयोगी बल्लेबाज भी हैं।

अनुष्का शर्मा

आक्रामक अंदाज की ओपनर अनुष्का शर्मा ग्वालियर की हैं। उनका बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।

वैष्णवी शर्मा

हरफनमौला क्रिकेटर बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ग्वालियर की हैं। जूनियर विश्व कप खेली थीं और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं। वैष्णवी का बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।

सौम्या तिवारी

आक्रामक बल्लेबाज सौम्या तिवारी भोपाल की हैं। जूनियर विश्व कप चैंपियन भारत टीम की सदस्य रही हैं और विजयी रन उन्हीं के बल्ले से निकला था। सौम्या का बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।

निकिता सिंह

दाएं हाथ की तेज गेंदबाज और बल्लेबाज निकिता सिंह भोपाल संभाग से खेलती हैं। आक्रामक बल्लेबाजी के चलते टीमों के लिए उपयोगी रहेंगी। निकिता का बेस प्राइज 10 लाख रुपये है।

Post a Comment

Previous Post Next Post