बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज पर दल-बदल कानून का सवाल, तेजस्वी ने की अयोग्यता की मांग
पटना। बिहार की राजनीति में दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के भाजपा के करीब आने से नया संवैधानिक विवाद खड़ा हो गया है। तिरहुत स्नातक सीट से बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक सीट से राहुल राज ने चुनाव में जदयू प्रत्याशियों को हराया था। अब दोनों की सदस्यता पर सवाल उठ रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि निर्दलीय निर्वाचित होने के बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होना संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता का आधार है। राजद ने विधान परिषद सभापति से कार्रवाई की मांग की है और जरूरत पड़ने पर अदालत जाने की बात कही है।
विवाद बढ़ने पर भाजपा ने सफाई दी कि दोनों ने पार्टी की सदस्यता नहीं ली, बल्कि समर्थन दिया है। दोनों नेताओं ने भी बाद में ऐसा ही दावा किया।
अब असली सवाल है कि पार्टी में औपचारिक प्रवेश हुआ या सिर्फ समर्थन दिया गया? सदस्यता जाएगी या बचेगी, इसका फैसला आरोपों से नहीं, साक्ष्यों और विधान परिषद सभापति के निर्णय से होगा।

एक टिप्पणी भेजें