‘वकील झगड़ा करवाते हैं’ बयान पर सुधासागर जी को समन, 4 दिसंबर को पेशी
इंदौर। चातुर्मास के दौरान ‘जिज्ञासा’ कार्यक्रम में अधिवक्ताओं को लेकर की गई कथित टिप्पणी अब न्यायालय की चौखट तक पहुंच गई है। अधिवक्ता शैलेंद्र द्विवेदी ने मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के विरुद्ध परिवाद दायर किया है। मामले में इंदौर जिला न्यायालय ने 12 नवंबर 2026 को समन जारी कर 4 दिसंबर को सुबह 11 बजे न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
परिवाद के मुताबिक, कार्यक्रम में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुनि श्री ने कथित तौर पर कहा था कि ‘वकील सुलह नहीं, झगड़ा करवाते हैं।’ अधिवक्ता द्विवेदी ने इस टिप्पणी को अधिवक्ता समुदाय की प्रतिष्ठा के प्रतिकूल बताते हुए मानहानि का आरोप लगाया है।
न्यायालयीन दस्तावेज में प्रकरण क्रमांक यूएन एसआर/5461/2026 और शैलेंद्र द्विवेदी बनाम मुनि सुधासागर जी महाराज दर्ज है। परिवाद में भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 का उल्लेख किया गया है।
अब 4 दिसंबर की सुनवाई पर सबकी नजर है। हालांकि समन जारी होना अपराध सिद्ध होना नहीं है। मामले में न्यायालय दोनों पक्षों के तथ्यों और दलीलों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा।

एक टिप्पणी भेजें