हाईकोर्ट का जिला अदालत को आदेश, 30 दिन में लंबित आपराधिक अपीलों की सुनवाई पूरी करने के निर्देश
भोपाल गैस त्रासदी के आपराधिक मामलों में वर्षों से लंबित अपीलों को लेकर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अब निचली अदालत पर समयबद्ध कार्रवाई की जिम्मेदारी तय कर दी है। जबलपुर स्थित हाईकोर्ट की एकलपीठ ने जिला अदालत को निर्देश दिया है कि त्रासदी से जुड़े सभी लंबित आपराधिक अपीलों की सुनवाई 30 दिनों के भीतर पूरी की जाए।
अदालत ने आरोपों में कथित तकनीकी खामियों को आधार बनाकर अलग सुनवाई की मांग करने वाली तीन याचिकाएं भी खारिज कर दीं। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि आरोप में तकनीकी त्रुटि मात्र से न्याय की विफलता साबित नहीं होती।
भोपाल गैस त्रासदी को चार दशक से अधिक समय बीत चुका है। पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए न्याय की लड़ाई आज भी अधूरी है। ऐसे में अदालत का यह निर्देश महज समयसीमा नहीं, बल्कि लंबित न्याय व्यवस्था के लिए कड़ा संदेश है। अब निगाहें जिला अदालत की अगली कार्रवाई पर रहेंगी।

एक टिप्पणी भेजें