आगरा में 21 जिलों का मंथन, मतदाता सूची से लेकर कानून-व्यवस्था तक होगी समीक्षा
आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग आज आगरा में पांच मंडलों के 21 जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक सुबह 11 बजे से होगी।
बैठक में आगरा, चित्रकूट, झांसी, बरेली और कानपुर मंडल के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। संबंधित जिलों के अधिकारी अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण देंगे। आयोग की नजर मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की स्थिति, ईवीएम-वीवीपैट, चुनावी कर्मचारियों के प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता पर रहेगी।
कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध भी समीक्षा के केंद्र में होंगे। बैठक के बाद आयोग जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर सकता है। यह समीक्षा उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने की तैयारियों की अहम कड़ी मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें