रालोद-सुभासपा अड़ीं, पुरानी हिस्सेदारी पर ही चुनाव लड़ने का दबाव
नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की कवायद तेज कर दी है। बातचीत के लिए पार्टी ने अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। निषाद पार्टी से पंकज चौधरी, सुभासपा से केशव प्रसाद मौर्य और अपना दल से ब्रजेश पाठक चर्चा करेंगे, जबकि रालोद से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बातचीत करेंगे।
सबसे पेचीदा मामला रालोद और सुभासपा को लेकर है। दोनों दल पिछली बार सपा गठबंधन में क्रमशः 33 और 18 सीटों पर चुनाव लड़े थे और इस बार भी लगभग इतनी ही हिस्सेदारी चाहते हैं। भाजपा की तैयारी रालोद को अधिकतम 18 और सुभासपा को 10 सीटें देने की है।
इधर अपना दल भी अधिक सीटों की मांग कर सकता है। निषाद पार्टी भी अपने हिस्से में बढ़ोतरी का दबाव बनाएगी। सहयोगियों की बढ़ती मांग के बीच भाजपा के लिए सीटों का संतुलन साधना बड़ी चुनौती बन गया है। अब निगाहें वार्ताकारों की रिपोर्ट और अंतिम समझौते पर टिकी हैं।

एक टिप्पणी भेजें