10 हजार पेटी रोज गुजरात भेजने का दावा, मुकेश से चंदर-प्रदीप तक कई नाम; आबकारी अधिकारी राधेश्याम राय का दावा—लगातार दबिश
प्रणव बजाज
आलीराजपुर। गुजरात में शराबबंदी के बीच आलीराजपुर की सीमा से बड़े पैमाने पर शराब भेजे जाने की खबर ने आबकारी और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेलार फलिया-झाड़ोली क्षेत्र को कथित तौर पर शराब की खेप जमा करने और गुजरात भेजने का प्रमुख ठिकाना बताया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार बड़े ट्रकों से शराब उतारकर बाइक, स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए सीमा पार भेजी जाती है। रोज करीब 10 हजार पेटियों की तस्करी का दावा है।
रिपोर्ट में मुकेश रजक, सेवलाभाई, चका भाई, अलकेश और जयेश पिता संन्या के नाम नेटवर्क से जुड़े बताए गए हैं। वहीं इंदौर पुलिस की जांच में चंदर चौहान और प्रदीपसिंह चौहान को आलीराजपुर क्षेत्र से संचालित कथित नेटवर्क का सरगना बताए जाने की बात सामने आई थी। पूछताछ में शराब ठेकेदारों से कम कीमत पर शराब खरीदने और ट्रकों से गुजरात भेजने की जानकारी भी पुलिस के सामने आने की रिपोर्ट है।
दूसरी ओर जिला आबकारी अधिकारी राधेश्याम राय ने इन आरोपों के बीच विभाग की कार्रवाई का पक्ष रखा है। उनका कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार गश्त और दबिश दी जा रही है। झाड़ोली क्षेत्र में दो बार कार्रवाई की गई तथा पिछले महीने 50 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।
अब सवाल यह है कि यदि रोज हजारों पेटियों की आवाजाही का दावा सही है, तो जांच केवल छोटे वाहन चालकों तक सीमित रहेगी या सप्लाई, परिवहन, ठेकेदार और गुजरात में माल लेने वालों तक भी पहुंचेगी?

एक टिप्पणी भेजें