Top News
Loading...

खाकी सड़क पर मरी, माफिया कुर्सी पर हंसा

प्रणव बजाज

देवास के खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत ने मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था पर फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जिस पुलिसकर्मी के कंधों पर अपराध रोकने की जिम्मेदारी थी, वही अवैध शराब के संदिग्ध ट्रक को रोकते हुए अपनी जान गंवा बैठा। घटना को महज सड़क हादसा कहकर आगे बढ़ जाना आसान है, लेकिन इसके पीछे छिपे सवालों से सरकार मुंह नहीं मोड़ सकती।



सवाल यह नहीं है कि एक ट्रक में अवैध शराब कौन ले जा रहा था। असली सवाल यह है कि अवैध शराब का कारोबार इतना मजबूत कैसे हुआ कि उसे रोकने वाला पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं रहा?


मध्यप्रदेश में शराब, रेत और खनन से जुड़े अवैध कारोबार को लेकर कार्रवाई और विवाद की खबरें लगातार सामने आती रही हैं। कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमले भी हुए हैं। इसके बावजूद सवाल वही है—अवैध कारोबार की जड़ें आखिर इतनी गहरी क्यों हैं?


कार्टून में एक तरफ दिलीप पुरी की तस्वीर है और दूसरी तरफ आराम से बैठे माफिया। बीच में कानून-व्यवस्था सफेद चादर में पड़ी है। सबसे बड़ा व्यंग्य यहीं छिपा है—खाकी ड्यूटी पर शहीद होती है और व्यवस्था कुर्सी पर सोती दिखाई देती है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है। ऐसे में सरकार को केवल दोषियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह पता लगाना जरूरी है कि अवैध शराब का नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा था, उसके पीछे कौन लोग हैं, किस स्तर पर लापरवाही हुई और कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा क्यों नहीं मिली।


हर घटना के बाद कुछ दिन बयान आते हैं, जांच बैठती है और फिर मामला ठंडा पड़ जाता है। लेकिन अवैध कारोबार अपनी जगह चलता रहता है।


दिलीप पुरी की मौत का सबसे बड़ा सवाल यही है—अगर कानून की रक्षा करने वाला ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करे?


सरकार को जवाब भाषण से नहीं, कार्रवाई से देना होगी। वरना इतिहास यही लिखेगा कि खाकी सड़क पर लड़ती रही और माफिया व्यवस्था की कमजोरी पर मुस्कुराता रहा।

Post a Comment

और नया पुराने