बाल आयोग के आदेश के बाद भी जांच रिपोर्ट गायब, पिता ने समन की मांग उठाई
इंदौर। एमटीएच अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही से मासूम दिविशा के गंभीर रूप से प्रभावित होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली कटघरे में है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने 3 सितंबर को सात दिन में जांच रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट नहीं आई तो अनुस्मारक भेजा गया। कलेक्टर कार्यालय ने भी सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी को जांच कर प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए, लेकिन अब तक अंतिम रिपोर्ट सामने नहीं आई।
पीड़ित पिता दिनेश मांगरोलिया का आरोप है कि प्रसव के दौरान वैक्यूम एक्सट्रैक्टर के कथित गलत इस्तेमाल से बच्ची को गंभीर मस्तिष्क क्षति हुई। परिवार अब आयोग की धारा 14 के तहत कलेक्टर और सीएमएचओ को व्यक्तिगत समन जारी करने की मांग कर रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यही है—जब आयोग जवाब मांग रहा है तो स्वास्थ्य विभाग अब तक चुप क्यों है? जांच में देरी आखिर किसे बचा रही है?

एक टिप्पणी भेजें