21 से 27 नवंबर तक उज्जैन में जुटेंगे देशभर के साहित्यकार और शोधकर्ता
उज्जैन। महाकवि कालिदास की साहित्यिक विरासत और भारतीय ज्ञान परंपरा पर मंथन के लिए 21 से 27 नवंबर तक अखिल भारतीय कालिदास समारोह आयोजित होगा। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय और कालिदास संस्कृत अकादमी के आयोजन में 12 से अधिक राज्यों के विद्वान शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। साहित्य के साथ इतिहास, समाजविज्ञान, मनोविज्ञान, शिक्षा, वास्तुकला और पर्यावरण के संदर्भ में कालिदास के साहित्य पर चर्चा होगी।
25 नवंबर को संस्कृत अंतरविश्वविद्यालयीन वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी, जबकि 26 नवंबर को कालिदास काव्यपाठ और हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस बार विभिन्न राज्यों के नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता कराने की भी तैयारी है। विजेता दल को 5 लाख, दूसरे को 3 लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले दल को 1 लाख रुपए पुरस्कार देने का प्रस्ताव है।
समारोह का बजट इस बार 4.35 करोड़ रुपए रखा गया है। शास्त्रीय गायक पद्मश्री अजय चक्रवर्ती की प्रस्तुति लगभग तय मानी जा रही है। मुख्य अतिथि के नाम पर अभी अंतिम मुहर बाकी है।

एक टिप्पणी भेजें