संभागायुक्त की निगरानी में 30 करोड़ का नया भवन, फिर भी स्वास्थ्य विभाग की सूची में अस्पताल
इंदौर। शहर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और निजी व ट्रस्ट संचालित अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर शुरू की गई विशेष पड़ताल के पहले चरण में रेजीडेंसी क्षेत्र स्थित रॉबर्ट नर्सिंग होम सवालों के घेरे में है। 114 साल पुराने इस अस्पताल में करीब 30 करोड़ रुपए की लागत से 100 बिस्तरों वाले नए भवन का निर्माण चल रहा है। वहीं दूसरी ओर अस्पताल का नाम उन 58 अस्पतालों की सूची में सामने आया, जिन्हें सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े डिजिटल पंजीयन में लापरवाही के चलते नोटिस जारी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन अस्पतालों को कई महीनों से पंजीयन पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे थे। इसके बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर तीन दिन का अंतिम अवसर दिया गया। विभाग ने चेतावनी दी कि नियमों का पालन नहीं होने पर नर्सिंग होम पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है।
इधर, रॉबर्ट नर्सिंग होम परिसर में नए पांच मंजिला भवन का निर्माण जारी है। इसमें गहन चिकित्सा कक्ष और आधुनिक शल्य चिकित्सा कक्ष सहित अन्य सुविधाएं प्रस्तावित हैं। निर्माण कार्य की प्रशासनिक स्तर पर निगरानी भी की जा रही है।
8 नवंबर 1912 को स्थापित यह अस्पताल आज भी बड़ी संख्या में सामान्य और मध्यम आय वर्ग के मरीजों को उपचार उपलब्ध कराता है। इसका संचालन मिशनरी ट्रस्ट द्वारा किया जाता है।
अब बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों के विस्तार के साथ अस्पताल सरकारी नियमों और डिजिटल पंजीयन की शर्तों का पालन कितनी पारदर्शिता से करता है। खासकर नए भवन के साथ अग्नि सुरक्षा, पार्किंग और चिकित्सकों के पंजीयन संबंधी व्यवस्थाओं पर भी निगरानी जरूरी होगी।

एक टिप्पणी भेजें