Google ने अंतरिक्ष में AI कंप्यूटिंग की दिशा में बड़ा प्रयोग शुरू कर दिया है। कंपनी के Project Suncatcher का पहला प्रोटोटाइप सैटेलाइट 1 अक्टूबर को SpaceX के Falcon 9 रॉकेट से Transporter-18 मिशन के तहत कक्षा में पहुंच गया। Google ने पुष्टि की है कि सैटेलाइट से संपर्क स्थापित हो चुका है और वह अपेक्षित तरीके से काम कर रहा है।
इस रेफ्रिजरेटर आकार के सैटेलाइट में Google के चार Tensor Processing Units (TPUs) लगाए गए हैं। इनका उद्देश्य फिलहाल अंतरिक्ष में AI डेटा सेंटर चलाना नहीं, बल्कि यह जांचना है कि लॉन्च के झटकों, रेडिएशन और अत्यधिक तापीय परिस्थितियों में AI चिप्स कितनी विश्वसनीयता से काम करते हैं। चिप्स को ठंडा रखने के लिए हीट पाइप और रेडिएटर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
क्या सच में अंतरिक्ष में बनेंगे डेटा सेंटर?
Google की दीर्घकालिक योजना इसी दिशा में है। कंपनी भविष्य में बड़ी संख्या में सौर ऊर्जा से चलने वाले छोटे-छोटे सैटेलाइटों को एक साथ जोड़कर ऑर्बिटल डेटा सेंटर बनाने की संभावना तलाश रही है। इनके बीच हाई-स्पीड लेजर लिंक के जरिए डेटा का आदान-प्रदान होगा। 2027 में दो और सैटेलाइटों के जरिए इस तकनीक का परीक्षण प्रस्तावित है।
अंतरिक्ष में लगातार उपलब्ध सूर्य ऊर्जा इसका सबसे बड़ा आकर्षण है। लेकिन लागत, रेडिएशन, गर्मी निकालना, सैटेलाइटों की संख्या, लेजर नेटवर्क और मरम्मत जैसी बड़ी चुनौतियां अभी बाकी हैं। इसलिए फिलहाल इसे डेटा सेंटर की शुरुआत नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीक का परीक्षण माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें