Top News
Loading...

‘मुझे योजनाबद्ध तरीके से CJ बनने से रोका’: रिटायर्ड जज संजीव शर्मा का पलटवार, मानहानि की अनुमति मांगी

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से राजस्थान हाईकोर्ट का पूर्णकालिक मुख्य न्यायाधीश बनने से रोका गया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम से उन्हें पेशेवर स्तर पर परेशानी नहीं हुई, लेकिन व्यक्तिगत रूप से गहरा दुख पहुंचा है। 



शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार और तथ्यहीन बताते हुए भारत के मुख्य न्यायाधीश को विस्तृत जवाब सौंप दिया है। साथ ही उन्होंने मानहानि का मुकदमा दर्ज करने की औपचारिक अनुमति भी मांगी है। हालांकि, उन्होंने अपने जवाब और उससे जुड़े गोपनीय दस्तावेज सार्वजनिक करने से इनकार किया।


विवाद में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता द्वारा शर्मा के कार्यकाल और प्रशासनिक फैसलों को लेकर उठाए गए सवाल भी शामिल हैं। शर्मा ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि न्यायपालिका के आंतरिक मामलों और न्यायिक गरिमा से जुड़े मुद्दों को सार्वजनिक करने से संस्था की छवि प्रभावित होती है। 


एक न्यायिक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शर्मा ने कहा कि जिला जज अजय शुक्ला ने अस्पताल जाने के कारण अदालत पहुंचने में देरी की बात स्वीकार की थी। उनका कहना है कि इस कार्रवाई को आईपीएस अधिकारी आनंद शर्मा से जोड़ना गलत है और आनंद शर्मा उनके केवल दूर के रिश्तेदार हैं।


शर्मा ने कॉलेजियम व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताते हुए संबंधित हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीशों को भी इसमें शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के कामकाज व आचरण के लिए स्पष्ट एसओपी बनाए जाने की मांग भी की।

Post a Comment

और नया पुराने