Top News
Loading...

मोहन सरकार के गृह क्षेत्र में सरकारी बिलिंग का खेल!

मोपेड बनी ट्रैवलर, ई-रिक्शा बनी इनोवा; 25 घंटे में 22,708 किमी का हिसाब

प्रणव बजाज



महाकाल सम्मेलन में 57 लाख से ज्यादा के वाहन किराये पर सवाल, एक दिन में 38 घंटे की ड्यूटी का दावा


उज्जैन। बाबा महाकाल के नाम पर आयोजित सम्मेलन में सरकारी खर्च की बिलिंग ने व्यवस्था की पोल खोलने वाले सवाल खड़े कर दिए हैं। अप्रैल 2026 में आयोजित ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ सम्मेलन में वाहनों के किराये पर 57 लाख रुपये से अधिक खर्च हुए। बिलों और वाहन पंजीयन विवरणों की पड़ताल में चौंकाने वाली विसंगतियां सामने आई हैं।


सम्मेलन का आयोजन मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) ने किया। भोपाल की अदिति टूर एंड ट्रेवल्स से वाहन लिए गए, जबकि व्यवस्था वीर भारत न्यास के माध्यम से हुई।


बिल क्रमांक 3054 में यूपी65-ईडी1523 नंबर की 26 सीटर ट्रैवलर का 186 किलोमीटर सफर और 29,242 रुपये भुगतान दर्ज है। रिपोर्ट के मुताबिक यह नंबर शुभम जायसवाल की मोपेड का है। शुभम का कहना है कि मोपेड खराब होकर बनारस की टीवीएस कार्यशाला में खड़ी थी।


बिल क्रमांक 3061 में एमपी13-जेडपी4512 को इनोवा बताया गया, जबकि यह नंबर रितेश श्रीवास्तव के ई-रिक्शा का बताया गया है।


एमपी09-टीए-8278 की 5 अप्रैल को तीन प्रविष्टियों में 10, 13 और 15 घंटे, यानी कुल 38 घंटे की ड्यूटी दर्ज होने का दावा है। वहीं एमपी09-एफए9227 की मीटर रीडिंग 25 घंटे में 22,708 किलोमीटर बढ़ने की विसंगति भी सामने आई। एमपी11-पी0671 के दो बिलों में भी अतिरिक्त ड्यूटी दर्ज होने का उल्लेख है।


अदिति ट्रेवल्स के निदेशक देवेंद्र सक्सेना ने बिल सही बताते हुए गड़बड़ी से इनकार किया। वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने जांच के बाद जवाब देने की बात कही। मैपकास्ट महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने गड़बड़ी मिलने पर जांच कराने की बात कही।


सवाल है कि बिलों की जांच किसने की, भुगतान किस आधार पर मंजूर हुआ और सरकारी धन की जवाबदेही कौन लेगा? विसंगतियां गंभीर हैं, लेकिन दोष तय करने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

Post a Comment

और नया पुराने