Top News
Loading...

महिला वकीलों को हक, बार रूम के लिए सरकार खोले खजाना

सुप्रीम कोर्ट का सख्त निर्देश, महिला अधिवक्ताओं की संख्या कम होने पर भी सुविधा से समझौता नहीं



नई दिल्ली। अदालतों में न्याय की लड़ाई लड़ने वाली महिला वकीलों को अब बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना नहीं चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्य सरकारों, केंद्रशासित प्रदेशों और उच्च न्यायालयों को निर्देश दिया है कि जहां भी महिला अधिवक्ता जिला, उपखंड और तहसील अदालतों में वकालत कर रही हैं, वहां उनके लिए अलग बार कक्ष, शौचालय और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत तथा न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने स्पष्ट किया कि महिला वकीलों की संख्या कम होने का बहाना नहीं चलेगा। जरूरत पड़ने पर राज्य सरकारों को अतिरिक्त धनराशि और भूमि उपलब्ध करानी होगी। उच्च न्यायालयों की भवन एवं आधारभूत संरचना समितियों को काम प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।


महिला अधिवक्ताओं की याचिका पर हुई सुनवाई में अदालत ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्रगति रिपोर्ट मांगी है। महान्यायवादी आर. वेंकटरमणी रिपोर्टों का समन्वय करेंगे।


मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को होगी। सवाल अब आदेश का नहीं, जमीन पर अमल का है। आखिर अदालत परिसरों में महिला वकीलों को सम्मानजनक सुविधाओं के लिए इतना इंतजार क्यों करना पड़ा?

Post a Comment

और नया पुराने