Top News
Loading...

खुश रहिए, चाहे जेब रो रही हो!

प्रणव बजाज



खुश रहने के नुस्खे आजकल मुफ्त में खूब बांटे जा रहे हैं। सुबह चिड़ियों की चहचहाहट सुनिए, अपने हाथों से खाना बनाइए, किसी अनजान की मदद कीजिए और रात को याद कीजिए कि आज क्या अच्छा हुआ।


अब कोई इन ज्ञानियों से पूछे कि महीने का हिसाब देखकर जिनकी धड़कन बढ़ जाती है, वे पहले चिड़ियों की आवाज सुनें या उधार मांगने वाले का फोन उठाएं?


रसोई में बची सब्जियों से स्वादिष्ट भोजन बनाने का सुझाव भी खूब है। बस यह कोई नहीं बताता कि सब्जियां बची हों, तब न! कई घरों में तो महीने के आखिरी दिनों में रसोई भी अर्थशास्त्र पढ़ाने लगती है।


दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाइए, नेक सलाह है। मगर जो खुद किस्तों, फीस और महंगाई के बीच मुस्कान की तलाश में है, उसे उपदेश नहीं, थोड़ी राहत भी चाहिए।


रात को बैठकर लिखिए कि आज क्या अच्छा हुआ। आदमी लिखे भी तो क्या लिखे? बिजली का बिल आ गया, खर्चे पूरे नहीं हुए और कल फिर वही जिंदगी सामने खड़ी है।


खुशी छोटी चीजों में जरूर है, लेकिन हर दुख छोटा नहीं होता। पेट की चिंता को सकारात्मक सोच का चूरन खिलाने से जिंदगी नहीं बदलती। कभी-कभी खुश रहने का सबसे अच्छा नुस्खा है—मुसीबत कम कीजिए, मुस्कान अपने आप लौट आएगी।

Post a Comment

और नया पुराने