जबलपुर शहर में करोड़ों रुपये की बिजली और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी योजनाओं के बावजूद जमीनी तस्वीर कई इलाकों में सवाल खड़े कर रही है। 50 से अधिक कॉलोनियों में बिजली व्यवस्था बदहाल होने की शिकायतें सामने आई हैं। कई जगह विद्युत आपूर्ति के लिए बांस-बल्ली का सहारा लिए जाने की बात कही जा रही है।
दमोह नाका, आइटीआई, सिविल लाइंस, मेडिकल रोड और सगड़ा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, केंद्रीय प्रकाश व्यवस्था और ऊंचे प्रकाश खंभों के नीचे खुले तारों की शिकायतें भी सामने आई हैं। खुले तार किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल करोड़ों रुपये की उन योजनाओं पर है, जिनका उद्देश्य शहर की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और आधुनिक बनाना था। यदि योजनाओं पर खर्च के बाद भी नागरिकों को अस्थायी सहारे और खुले तारों के बीच बिजली मिल रही है, तो फिर योजना की गुणवत्ता, निगरानी और जिम्मेदारी तय कौन करेगा?
बिजली विभाग से सीधा सवाल है—खंभों और योजनाओं के नाम पर करोड़ों खर्च होने के बाद भी अगर तार बांस-बल्ली पर टिके हैं, तो जिम्मेदार कौन है?
शहर को सुरक्षित बिजली व्यवस्था चाहिए, कागजों पर पूरी हुई योजनाएं नहीं।

एक टिप्पणी भेजें