ग्वालियर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मध्यप्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय ने एनएचएआई से जुड़े सड़क निर्माण कार्य की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित कंसेशनायर को किए जाने वाले 26 करोड़ 53 लाख रुपये के वार्षिकी भुगतान पर अंतरिम रोक लगा दी है। रोकी गई राशि को बैंक में सावधि जमा कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मामला ग्वालियर की सड़कों की गुणवत्ता से जुड़ी जनहित याचिका का है। न्यायालय के निर्देश पर गठित जांच आयोग ने सड़कों से नमूने लेकर उनकी तकनीकी जांच कराई। रिपोर्ट में एनएचएआई के अधीन मेहरा टोल से सिकरौदा चौराहा मार्ग के अधिकांश नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने की बात सामने आई। नेटवर्क सर्वे वाहन से किए गए निरीक्षण में भी सड़क की स्थिति को लेकर आपत्तियां दर्ज हुईं।
मामले की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि सितंबर की सुनवाई में हाई कोर्ट ने एनएचएआई के ग्वालियर परियोजना निदेशक से जांच आयोग द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा था। न्यायालय ने यह भी दर्ज किया था कि यदि एनएचएआई की अंतिम रिपोर्ट और मौके से लिए गए नमूनों में अंतर पाया गया तो जिम्मेदारी तय की जा सकती है।
अब सवाल सिर्फ 26.53 करोड़ रुपये के भुगतान का नहीं, बल्कि उस सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने वाली पूरी व्यवस्था का है। सड़क निर्माण की निगरानी किस स्तर पर हुई, गुणवत्ता परीक्षण में पहले क्या सामने आया और भुगतान से पहले जिम्मेदार अधिकारियों ने क्या सत्यापन किया—इन सवालों के जवाब भी महत्वपूर्ण हैं।
जनता के पैसे से बनी सड़क अगर अदालत की निगरानी में हुई जांच में गुणवत्ता की कसौटी पर सवालों के घेरे में आती है, तो जवाबदेही केवल ठेकेदार तक सीमित रहेगी या निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी?

एक टिप्पणी भेजें