Top News

कांग्रेस-TVK में रार खत्म? थरहाई काथबर्ट का दावा- विजय ने राहुल गांधी को माना पीएम चेहरा


चेन्नई। तमिलनाडु में कांग्रेस और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के बीच प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस विधायक दल की नेता थरहाई काथबर्ट ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख विजय राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन करते हैं।



काथबर्ट ने दोनों नेताओं के बीच किसी तरह के मतभेद से भी इनकार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विजय एक-दूसरे को भाई मानते हैं और दोनों के बीच आपसी सम्मान का रिश्ता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस TVK के अधीन काम नहीं कर रही है।


हालांकि राजनीतिक घटनाक्रम में तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। पिछले दिनों TVK के कुछ नेताओं की ओर से विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर पेश करने की कोशिश हुई है। दूसरी ओर कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी को अपना प्रधानमंत्री पद का चेहरा बताया है।


कांग्रेस नेता एस. राजेश कुमार ने तो यह तक कहा है कि अगर TVK 2029 के लिए राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार स्वीकार नहीं करती है, तो वह मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे सकते हैं। इससे गठबंधन के भीतर नेतृत्व को लेकर मतभेद की अटकलें और तेज हुई थीं।


ऐसे में थरहाई काथबर्ट का बयान दोनों दलों के बीच तनाव कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। लेकिन विजय की ओर से राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का चेहरा मानने की औपचारिक घोषणा सामने आने तक इसे कांग्रेस नेता का दावा ही माना जाएगा। फिलहाल असली सवाल यही है कि 2029 की राष्ट्रीय राजनीति में TVK विजय के नाम पर आगे बढ़ेगी या राहुल गांधी के नेतृत्व को स्वीकार करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post