नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। बदलाव में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर शिवप्रकाश को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) बनाया गया है। उन्हें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा की जिम्मेदारी दी गई है और उनका केंद्र मुंबई रहेगा। सौदान सिंह को भी राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी मिली है। उनके पास बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का संगठनात्मक दायित्व रहेगा तथा उनका केंद्र भुवनेश्वर होगा।
इसके अलावा वी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय से जुड़ी जिम्मेदारी दी गई है, जबकि नगेंद्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क का दायित्व सौंपा गया है। दोनों का केंद्र दिल्ली रहेगा।
राज्य स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। चंद्रशेखर को मध्यप्रदेश, कर्मवीर को छत्तीसगढ़, अजय जामवाल को महाराष्ट्र, मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना तथा दशरथ को तेलंगाना में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य नियुक्तियों में भिखूभाई दलसानिया—बिहार, पवन साई—झारखंड, सिद्धार्थन—हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर—गुजरात व दादरा-नगर हवेली तथा दमन-दीव, फणींद्रनाथ शर्मा—उत्तराखंड, पवन राणा—दिल्ली व हरियाणा और मानस मोहंती—ओडिशा शामिल हैं।
मध्यप्रदेश के लिए चंद्रशेखर की नियुक्ति के साथ प्रदेश संगठन में नई जिम्मेदारी तय हुई है। वहीं सतीश धोंड को महाराष्ट्र के साथ गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान से जुड़े जनजाति संपर्क का दायित्व दिया गया है।

Post a Comment