फगवाड़ा। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्र प्रदर्शन के बाद हालात बेकाबू हो गए। रविवार को शुरू हुआ विरोध देर रात तक हिंसक रहा। प्रदर्शनकारियों ने परिसर में तोड़फोड़ की, कुछ जगहों पर आग लगाई, पुलिस वाहनों पर पथराव किया और जालंधर-फगवाड़ा हाईवे को भी बाधित किया। हिंसा के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। मिड-टर्म परीक्षाएं भी अगली सूचना तक टाल दी गई हैं।
विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित दुष्कर्म की खबर से हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि परिसर में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ और बाद में आत्महत्या की घटना से भी इसे जोड़ा गया। हालांकि यूनिवर्सिटी ने इन दावों को झूठा और मनगढ़ंत अफवाह बताया है। पुलिस ने कथित दुष्कर्म की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर सात सदस्यीय SIT गठित की है।
हिंसा के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। रिपोर्टों के अनुसार कई पुलिसकर्मी घायल हुए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। हालात संभालने के लिए 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
इसी बीच पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान वॉकी-टॉकी लेकर घूम रहे पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। उनके पास वॉकी-टॉकी मिलने के कारण उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
अब जांच का केंद्र कथित दुष्कर्म की वास्तविकता, हिंसा भड़कने की वजह और आगजनी-तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान पर है।

Post a Comment