गणेशोत्सव से पहले पुणे में मिलावटी दुग्ध उत्पादों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार पेठ और शुक्रवार पेठ इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान करीब ₹38 लाख मूल्य का संदिग्ध खवा और पनीर जब्त किया गया।
FDA की टीम ने बार्शी से पुणे लाया गया करीब 4,600 किलो खवा नष्ट कराया, जबकि कर्नाटक से पहुंचे करीब 12,500 किलो पनीर के नमूने जांच के लिए कब्जे में लिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक पनीर की गुणवत्ता और उसमें संभावित मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला जांच के बाद होगी। इसलिए फिलहाल इसे संदिग्ध मानकर कार्रवाई की गई है।
गणेशोत्सव के दौरान मिठाइयों और प्रसाद में खवा-पनीर की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी या घटिया दुग्ध उत्पादों की बिक्री लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए पुणे FDA ने त्योहारी सीजन से पहले निगरानी और जांच तेज कर दी है।
इस कार्रवाई में 12 से 13 FDA अधिकारियों की टीम तैनात रही और पुलिस की मदद भी ली गई। FDA की कार्रवाई के बाद पुणे में बाहर से आने वाले पनीर की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार शहर में रोजाना बड़ी मात्रा में कर्नाटक से पनीर पहुंचता है।
अब निगाह प्रयोगशाला रिपोर्ट पर है। यदि नमूनों में निर्धारित मानकों से गंभीर विचलन या मिलावट साबित होती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment