Top News

शिवराज ने मलेशिया, तिमोर-लेस्ते और म्यांमार से कृषि सहयोग पर की चर्चा

 



नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मलेशिया, तिमोर-लेस्ते और म्यांमार के कृषि मंत्रियों के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें कर कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। ये बैठकें 9वीं आसियान-भारत कृषि एवं वानिकी मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान हुईं।


मलेशिया के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा मंत्री मोहम्मद बिन साबू के साथ बातचीत में कृषि अनुसंधान, तकनीक, नवाचार, बाजार पहुंच और व्यापार पर जोर दिया गया। दोनों देशों ने संयुक्त कृषि अनुसंधान और विशेषज्ञता साझा करने के साथ संभावित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के जरिए संस्थागत सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। जर्मप्लाज्म के आदान-प्रदान का मुद्दा भी बातचीत में शामिल रहा।


तिमोर-लेस्ते के कृषि, पशुधन, मत्स्य एवं वानिकी मंत्री मार्कोस दा क्रूज के साथ बैठक में खाद्य सुरक्षा और कृषि विकास पर विशेष जोर रहा। तिमोर-लेस्ते ने कृषि, वानिकी, पशुपालन और जलीय कृषि की जमीनी चुनौतियों के आकलन के लिए भारतीय तकनीकी एवं वैज्ञानिक विशेषज्ञों की टीम भेजने का प्रस्ताव रखा। चौहान ने वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के आदान-प्रदान के जरिए सहयोग का भरोसा दिलाया।


म्यांमार के कृषि, पशुधन एवं सिंचाई मंत्री मिन नाउंग के साथ बैठक में प्रस्तावित कृषि सहयोग समझौते, व्यापार और निवेश पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने दलहन, कपास, डेयरी विकास और कृषि शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर सहमति जताई। चौहान ने भारत-म्यांमार के पुराने संबंधों और करीब 1,600 किलोमीटर लंबी साझा सीमा का भी उल्लेख किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post