राधा-कृष्ण की वेशभूषा ने मोहा मन, मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
इंदौर। ज्ञानोदय विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण वेशभूषा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मटकी फोड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष श्रीमती इंदिरा सिंह, संस्था सचिव श्री अनिरुद्ध सिंह एवं ज्ञानोदय महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रीना पाटील की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक तथा कर्मचारी भी मौजूद रहे।
उत्सव के दौरान नन्हे विद्यार्थियों ने राधा, कृष्ण, गोप-गोपियों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों से पूरा परिसर कृष्णमय नजर आया। विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। मटकी फोड़ के दौरान परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
संस्था अध्यक्ष इंदिरा सिंह एवं सचिव अनिरुद्ध सिंह ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेम, सद्भाव, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
प्राचार्या डॉ. रीना पाटील ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में नीता बहोरा, सुनीता जैन, अंजली सेन, तनु शर्मा, बबीता वर्मा, सुनील सक्सेना, जितेंद्र पगारे, नेहा वर्मा, उज्ज्वला मोजेस, मंजुषा वैद्य एवं मंजूवाला दुबे सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment