भोपाल। मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब एक महत्वपूर्ण कानूनी मोड़ पर पहुंच गया है। मामले में आरोपी रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या समेत गंभीर आरोपों की जांच सीबीआई कर रही है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
मामले की खास बात यह है कि गिरिबाला सिंह स्वयं न्यायिक सेवा में रह चुकी हैं और भोपाल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर काम कर चुकी हैं। अब उसी न्यायिक व्यवस्था में उन्हें आरोपी के तौर पर कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ रहा है। जुलाई में भोपाल की विशेष अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए आरोपों को गंभीर माना था।
सीबीआई की जांच में मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों से पूछताछ जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी के अनुसार कुछ अहम बिंदुओं पर अभी जांच पूरी होना बाकी था।
त्विषा 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में मृत मिली थीं। मायके पक्ष ने हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए, जिसके बाद मामला गंभीर होता गया और बाद में जांच सीबीआई को सौंप दी गई। दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम भी कराया गया।
अब सवाल सिर्फ त्विषा की मौत की गुत्थी सुलझाने का नहीं है। पूर्व न्यायाधीश और उनके बेटे पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच और अदालत में होने वाली सुनवाई इस मामले की दिशा तय करेगी। दोष साबित होना अभी बाकी है और अंतिम फैसला अदालत ही करेगी।

Post a Comment