ब्रेजा विटारा खरीदने के अगले दिन उखड़ने लगा पेंट, 25 दिन से शोरूम में खड़ी है ग्राहक की कार
इंदौर के पटेल मोटर्स शोरूम पर नई मारुति सुजुकी ब्रेजा विटारा की खरीद को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। ग्राहक विनोद यादव का आरोप है कि फरवरी में खरीदी गई कार के बोनट, छत और दरवाजों पर खरीद के अगले ही दिन पेंट उखड़ने और छाले बनने लगे। जांच कराने पर वाहन के कुछ हिस्सों में पहले से डेंटिंग-पेंटिंग और मरम्मत के निशान मिलने का दावा किया गया।
यादव के अनुसार उन्होंने शोरूम मैनेजर आनंद गुप्ता से शिकायत की। कार को दो दिन के लिए शोरूम में रखकर सुधारने का आश्वासन दिया गया, लेकिन समस्या खत्म नहीं हुई। ग्राहक का आरोप है कि बाद में उसकी अनुमति के बिना दूसरी कार का बोनट निकालकर उसके वाहन में लगा दिया गया। इसके बावजूद छत और दरवाजों की पेंटिंग की समस्या बनी रही।
मामला बढ़ने पर यादव ने सीईओ सचिन शर्मा से संपर्क किया। उनके मुताबिक वाहन बदलने या निर्माण संबंधी दोष पर समाधान देने के बजाय पूरी कार दोबारा पेंट कराने का प्रस्ताव दिया गया। ग्राहक ने इसे स्वीकार नहीं किया। उसका कहना है कि नई कार खरीदने के बाद पूरी बॉडी दोबारा पेंट होने से भविष्य में वाहन की रीसेल वैल्यू प्रभावित हो सकती है।
यादव का दावा है कि उनकी कार पिछले 25 दिनों से पटेल मोटर्स में खड़ी है, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। अधिवक्ता अनिरुद्ध प्रतापसिंह राठौर के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा गया है और अब उपभोक्ता आयोग जाने की तैयारी है।
पटेल मोटर्स के सीईओ सचिन शर्मा और संचालक सकनीत पटेल से उनका पक्ष जानने के लिए फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क किया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ।
सवाल यह है कि नई कार की पूरी कीमत चुकाने वाले ग्राहक को वाहन बदलने के बजाय दोबारा पेंट कराने का विकल्प क्यों दिया गया?

Post a Comment