भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि किसान मोर्चा किसानों की आवाज बनकर संगठन और सरकार के बीच मजबूत कड़ी का काम करे। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को समझें और पात्र हितग्राहियों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाएं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बुधवार को किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए खण्डेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान वर्ष’ घोषित किया है। ऐसे में किसान मोर्चा की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकता किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता किसानों के बीच संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को तथ्यों और आंकड़ों के साथ संगठन के सामने रखें। साथ ही सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाएं।
खण्डेलवाल ने कहा कि वर्ष 2003 से पहले प्रदेश में सिंचाई का रकबा करीब साढ़े सात लाख हेक्टेयर था, जो भाजपा सरकार के कार्यकाल में बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को किसानों के लिए प्राकृतिक आपदा और फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बताया।
बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा लगातार किसानों के बीच सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रत्येक किसान तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मोर्चा प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष और किसान मोर्चा के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment